अलीगढ़ में समाजवादी पार्टी का ब्राह्मण सम्मेलन
अलीगढ़। समाजवादी पार्टी की अलीगढ़ जिला कमेटी द्वारा जिला कार्यालय, क्वार्सी में जिला अध्यक्ष लक्ष्मी धनगर की अध्यक्षता में ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. बादशाह खान ने किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद सनातन पांडे ने भाजपा सरकार की नीतियों, कानून-व्यवस्था, किसानों, युवाओं और बेरोजगारी सहित विभिन्न मुद्दों पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ब्राह्मण समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है तथा जनेश्वर मिश्र के आदर्शों पर चल रही है।
सांसद ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य ब्राह्मण समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें एकजुट करना है। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को लखनऊ में जनेश्वर मिश्र की जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अलीगढ़, एटा, कासगंज और हाथरस सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज के लोग शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद सनातन पांडे ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे के संबंध में भी आरोप लगाए तथा इन मुद्दों पर निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के वक्तव्यों का समर्थन करते हुए उनकी सराहना की।
कार्यक्रम में एटा जिला अध्यक्ष परवेज़ जुबैरी, कासगंज जिला अध्यक्ष विक्रम यादव, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रक्षपाल सिंह, अशोक यादव, गिरीश यादव, प्रदेश सचिव विनोद सविता, सुरेंद्र सिंह नायक, वरिष्ठ नेता देवेंद्र प्रधान, सरदार करतार सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।