वंदे मातरम् के कथित अपमान को लेकर क्षत्रिय करणी सेना ने सौंपा शिकायत पत्र : सोनिया गांधी के खिलाफ लगे नारे
अलीगढ़। कांग्रेस मुख्यालय, नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में क्षत्रिय करणी सेना की ओर से अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत पत्र में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष/सह प्रभारी ठाकुर ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया है कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन/प्रसारण को बीच में रोकने का प्रयास किया गया। शिकायत में कहा गया है कि इस घटना का वीडियो विभिन्न मीडिया माध्यमों पर सामने आया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत अन्य नेता मौजूद थे। संगठन ने इसे राष्ट्रगीत के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से वीडियो फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
क्षत्रिय करणी सेना ने शिकायत में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं, ‘वंदे मातरम्’ को लेकर यह विवाद राष्ट्रीय स्तर पर भी राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है। हालिया रिपोर्टों में कांग्रेस कार्यक्रम से जुड़े वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से भी सवाल उठाए गए हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से घटना को लेकर अलग स्पष्टीकरण सामने आया है।
अब अलीगढ़ में क्षत्रिय करणी सेना की शिकायत के बाद पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है, इस पर नजर बनी हुई है।