सोनम वांगचुक की हिरासत पर भड़के अल्पसंख्यक कांग्रेस सचिव अस्सद फारूख : सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार को घेरा, युवाओं की आवाज़ दबाने का लगाया आरोप
अलीगढ़, 18 फरवरी 2026।
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के सचिव अस्सद फारूख ने सामाजिक कार्यकर्ता एवं इंजीनियर सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार किसी सामाजिक कार्यकर्ता को जबरन हिरासत में लेना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
अस्सद फारूख ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से यह संदेश जाता है कि केंद्र सरकार युवाओं की आवाज़ और सोनम वांगचुक द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों से असहज है। उन्होंने दावा किया कि मीडिया रिपोर्टों और सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर के वेश में आए लोगों ने सोनम वांगचुक को जबरन हिरासत में लिया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन सवाल उठाने वालों की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। अस्सद फारूख ने आरोप लगाया कि देश का युवा अब अपने भविष्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर अधिक ध्यान दे रहा है तथा सरकार की नीतियों को लेकर चिंतित है।
उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की आवाज़ को दबाने के बजाय उनकी बात सुनना आवश्यक है। अंत में उन्होंने केंद्र सरकार से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करने की अपील की।