अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ के थाना इगलास पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सामूहिक मारपीट, जान से मारने की धमकी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, आरोपियों पर एक राय होकर गाली-गलौज करने, लाठी-डंडों और ईंटों से हमला करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। इस मामले में थाना इगलास पर मुकदमा संख्या 591/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और 7 सीएलए एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
13 आरोपियों को किया गिरफ्तार
थाना इगलास पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रदीप, राधे, मनीष, करन, पिंकू, प्रमोद, सुमित, जितेंद्र कुमार, लक्की, कुलदीप, राहुल, योगेश और नितिन को गिरफ्तार किया है। इनमें अधिकांश आरोपी ग्राम तेहरा थाना इगलास क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि कुछ आरोपी ग्राम सतलापुर और जनपद के अन्य क्षेत्रों से संबंधित बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। घटना से संबंधित वीडियो का भी अवलोकन किया गया है।
थाना इगलास पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।










