अलीगढ़। थाना बन्नादेवी क्षेत्र स्थित सम्राट लॉज के सामने, हनुमान मंदिर के पास लगे एक स्ट्रीट लाइट पोल में करंट आने का मामला सामने आया है। स्थानीय दुकानदारों ने नगर निगम की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि पोल में लगातार करंट दौड़ रहा है, जिससे आसपास के लोगों की जान जोखिम में पड़ गई है।
दुकानदारों के अनुसार, एक दुकानदार स्वयं इस पोल की चपेट में आकर करंट का झटका खा चुका है। वहीं एक ग्राहक को भी बिजली का करंट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग पोल के पास जाने से भी बच रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पोल व्यस्त मार्ग और मंदिर के समीप लगा है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, राहगीर और दुकानदारों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और बिजली विभाग से मांग की है कि मौके पर तत्काल तकनीकी टीम भेजकर स्ट्रीट पोल की जांच कराई जाए, करंट की समस्या को तुरंत दूर किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। फिलहाल संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।