अलीगढ़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / अलीगढ़
🚨 Breaking News | अलीगढ़

किसान मजदूर संगठन ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन : बिजली, खाद और गन्ना मिल समेत कई मांगें उठाईं

अलीगढ़ | 08-Jul-2026 08:59 AM | 521 |
अलीगढ़
बिजली, खाद और गन्ना मिल समेत कई मांगें उठाईं

 अलीगढ़। जय जवान किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी अलीगढ़ को किसानों, मजदूरों, पशुपालकों एवं आमजन की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। संगठन ने किसानों की बढ़ती लागत, खाद की कमी, बिजली संकट और फसलों का उचित मूल्य न मिलने जैसी समस्याओं पर चिंता जताते हुए प्रदेश सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने धान की रोपाई के मौसम में कृषि फीडरों पर प्रतिदिन कम से कम 12 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सहकारी समितियों और बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक किसान को एक दिन में कम से कम 10 बोरी खाद बिना किसी बाधा के देने की मांग उठाई। संगठन ने खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की।
इसके अलावा संगठन ने अलीगढ़ की ऐतिहासिक चाप नाली मिल का शीघ्र निर्माण एवं संचालन शुरू कराने, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान समय पर कराने तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी। बरसात के मौसम को देखते हुए कृषि मंडियों में अनाज की सुरक्षा के लिए पक्के शेड, तिरपाल और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में यूरिया की कालाबाजारी, ओवररेटिंग, कृषि दवाइयों एवं अन्य सामग्री की जबरन खरीद कराने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई करने और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग भी शामिल रही। वहीं आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान को रोकने तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रभावी खरीद व्यवस्था और मूल्य संरक्षण नीति लागू करने की मांग भी संगठन ने उठाई।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसान मजदूर संगठन लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

 रिपोर्ट - संजीव कुमार

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.