अलीगढ़ में कांग्रेस की 'सद्बुद्धि पदयात्रा'
अलीगढ़। अयोध्या श्रीराम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और करोड़ों रुपये के चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों के विरोध में मंगलवार को अलीगढ़ जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने पूर्व विधायक के नेतृत्व में "सद्बुद्धि पदयात्रा" का आयोजन किया।
धर्मपुर कोर्टयार्ड, मैरिस रोड से शुरू हुई पदयात्रा में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शांतिपूर्ण ढंग से मार्च निकाला तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पदयात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा कि आस्था के केंद्रों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि "सद्बुद्धि पदयात्रा" का उद्देश्य संबंधित जिम्मेदार लोगों को सद्बुद्धि प्रदान करने की कामना करना और धार्मिक संस्थानों में पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाना है।
इस अवसर पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। पदयात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
रेिपोर्ट - विष्णु कुमार