15 माह पुराने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा : पति और कथित प्रेमी के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ की थाना हरदुआगंज एवं थाना जवां पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 15 माह पुराने ब्लाइंड मर्डर केस का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की फूंकनी, लोहे का कड़ा (आलाकत्ल) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, जबकि मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को माछुआ नहर पुल के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान के बाद मृतक अमित, निवासी ग्राम सेहरई, थाना खैर, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने महिला कल्पना और उसके कथित प्रेमी लोकेश को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक अमित और महिला के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे, लेकिन कुछ समय बाद महिला की लोकेश से भी नजदीकियां बढ़ गईं। इसी कारण अमित से पीछा छुड़ाने के लिए 30 अप्रैल 2026 की रात महिला ने अपने पति संजू और कथित प्रेमी लोकेश के साथ मिलकर अमित पर लोहे की फूंकनी और लोहे के कड़े से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद तीनों ने शव को कासिमपुर नहर में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे की फूंकनी और लोहे का कड़ा बरामद कर लिया है। मामले में फरार आरोपी संजू की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस ब्लाइंड मर्डर के सफल अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली थाना जवां एवं थाना हरदुआगंज पुलिस टीम की सराहना करते हुए ₹25,000 के पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।