नवजात भतीजे को देखकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, खुशियां मातम में बदली : हरदुआगंज में ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
अलीगढ़। जनपद के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने नवजात भतीजे और भाभी को निजी अस्पताल में देखकर घर लौट रहा था। हादसे के बाद परिवार में नवजात के जन्म की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
मृतक की पहचान हरदुआगंज थाना क्षेत्र के गांव भूतपुरा निवासी अशोक (25 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अशोक की भाभी ने हरदुआगंज स्थित एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था। नवजात भतीजे और भाभी का हालचाल जानने के बाद अशोक देर रात अपनी बाइक से गांव लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे घर लौटते समय रास्ते में उसकी बाइक की टक्कर एक ट्रैक्टर से हो गई। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर एक कंपनी का था, जिसका उपयोग गाटर और अन्य निर्माण सामग्री ढोने के लिए किया जाता है। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक के रिश्तेदार रामप्रकाश ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। नवजात के जन्म की खुशियां कुछ ही घंटों में गहरे शोक में बदल गईं।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।