अलीगढ़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / अलीगढ़
🚨 Breaking News | अलीगढ़

तीन-चार दिन की बारिश ने खोली नगर निगम की तैयारियों की पोल : रसलगंज, सेंटर प्वाइंट, सीमा टॉकीज फाटक सहित कई इलाकों में जलभराव, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी

अलीगढ़ | 22-Jul-2026 01:24 PM | 521 |
अलीगढ़
रसलगंज, सेंटर प्वाइंट, सीमा टॉकीज फाटक सहित कई इलाकों में जलभराव, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी

पिछले तीन-चार दिनों से लगातार हो रही बारिश ने अलीगढ़ शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

रसलगंज, सेंटर प्वाइंट, सीमा टॉकीज फाटक सहित कई क्षेत्रों की सड़कों पर बारिश का पानी भर जाने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

बारिश का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर देखने को मिल रहा है। बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए जलमग्न रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। वहीं नौकरीपेशा लोगों और दैनिक कार्यों के लिए निकलने वाले नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर वर्ष ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या का समाधान नहीं हो पाता। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग द्वारा समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से थोड़ी सी अधिक बारिश में ही सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं।

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों से जल्द जल निकासी कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी समस्या से बचने के लिए नालों और जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त किया जाए।

रिपोर्ट: संजीव कुमार एवं विष्णु बजरंगी

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.