अलीगढ़। बन्नादेवी थाना क्षेत्र के रघुवीरपुरी इलाके में शिवपुरी नाले के पास फैली गंदगी स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। क्षेत्र में लंबे समय से कूड़े का ढेर लगा हुआ है, जिससे उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का वहां रुकना और निकलना मुश्किल हो गया है।
रघुवीरपुरी का यह इलाका व्यस्त बाजार क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए आते-जाते हैं। इन दिनों यहां सड़क निर्माण का कार्य भी चल रहा है, जिसके चलते दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में वाहनों में फंसे लोगों को गंदगी और बदबू के बीच काफी देर तक रुकना पड़ता है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और दुर्गंध के कारण ग्राहकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिसका असर उनके व्यापार पर भी पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि नियमित सफाई न होने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में कूड़े के ढेर और गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो यह जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल कूड़े का उठान कराने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क निर्माण कार्य के साथ-साथ आसपास की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को राहत मिल सके।
रिपोर्ट सांंजीव कुमार
ऑपरेशन स्माइल की सफलता : बन्नादेवी पुलिस ने 7 वर्षीय गुमशुदा बच्चे को सकुशल परिजनों से मिलाया
अलीगढ़ न्यूज़अलीगढ़ में समाजवादी पार्टी का ब्राह्मण सम्मेलन : सांसद सनातन पांडे ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप
अलीगढ़ न्यूज़